Pages

Saturday, November 22, 2025

जल जंगल जमीन का कथासंसार

कथाकार नारायण सिंह नहीं रहे। रेखांकन के संपादक और धनबाद में अस्सी के दशक में अंतर्गत, कतार और श्रमिक सोलीडीयरिटी में हमारे साथी Anwarshamim के फेसबुक पोस्ट से खबर की पुष्टि हो गई। धनबाद से गहराई से जुड़े कथाकार नारायण सिंह से कोलकाता में भी लगातार संपर्क बना रहा। कोयलांचल ने अनेक कथाकार, कवि दिए हैं।झारखंड, बिहार और बंगाल का सेतुबंधन था धनबाद। हिंदी, बांग्ला, खोरठा, कुड़माली, कुड़ुख, मुंडारी, संथाली जैसी भाषाओं की साहित्यिक सांस्कृतिक विरासत का आधार,धारक वाहक। बांग्ला के बड़े कथाकारों की जड़ें भी यहीं थी। शरत चन्द्र, विभूति भूषण बंदोपाध्याय, प्रफुल्ल राय, बुद्धदेव गुहा और कितने ही लोगों ने लाल माटी की कथा लिखी। ताराशंकर बंदोपाध्याय की सारी कथायत्रा में यह आदिवासी जमीन हंसुली बांके र उपकथा है। नागिनी कन्या है। कमललता है। पथेर पांचाली और आरण्यक की जमीन भी यही है, जहां गगन घटा गहरानी है। महाश्वेता देवी का सारे कथा संसार इसी जल जंगल जमीन की लड़ाई है। हम साहित्यकार नहीं हैं लेकिन आदिवासी जरूर है, जिनकी मौत नहीं आती दबे पांव, मौत को हम मुकाबले के लिए दावत देते हैं। कुछ सदियों पहले भी हमारे पुरखे आदिवासी थे। जड़ों में हम एक रहे हैं।लेकिन आदिवासियों की तरह हम अपनी बेदखली के बावजूद जल,जंगल,जमीन की लड़ाई में नहीं हैं। हमने अपनी आदिवासियत खो दी है। हम अब लड़ने लायक नहीं बचे।आदिवासी लड़ाई खेत होते हैं,पीठ नहीं दिखाते। फिरभी,जड़ें और जमीन एक है। इसी जमीन के कथाकार हैं मनमोहन पाठक, संजीव, श्रृंजय, रणेंद्र, श्याम बिहारी श्यामल,पंकज मित्र और नारायण सिंह। अब नारायण सिंह नहीं रहे। शाम से सूचना मिल रही थी। इन दिनों बिन मरे लोग मारे जा रहे हैं। जिंदा भी मरे हुए हैं। यकीन ही नहीं हो रहा था। सच शायद दुःख भी है और शोक भी। सच अक्सर सदमा बनकर आता है।जैसे प्रिय जन के न होने का समाचार। अनवर शमीम ने लिखा है: धनबाद पहुंचते ही प्रसिद्ध कथाकार,उपन्यासकार,आलोचक एवं अनुवादक नारायण सिंह जी के निधन की दु:खद सूचना 'रेखांकन' के संपादक एवं आलोचक कुमार अशोक ने दी।उनके निधन की ख़बर से मर्माहत हूँ।नारायण सिंह जी पिछले कई महीनों से बीमार थे और फिलहाल अपने छोटे बेटे के साथ पूणे (महाराष्ट्र) में रह रहे थे।अपनी कहानी 'अजगर' जो प्रतिष्ठित पत्रिका 'हंस' में छपी थी से उनको अपार ख्याति मिली।उनके तीन कहानी संग्रह क्रमशः 'तीसरा आदमी',पानी तथा अन्य कहानियां' और 'सुनो वासुदेव' और उपन्यास 'मुसलमान' तथा 'ये धुआं कहाँ से उठता है' के अलावा आलोचना की तीन पुस्तकें भी छपी हैं जिनमें 'सीता बनाम राम', सुन मेरे बंधु रे तथा 'फुटपाथ के सवाल' उल्लेखनीय हैं।उन्होंने ने गांधीवादी श्रमिक नेता कांति मेहता की जीवनी का अनुवाद 'मेरा जीवन,मेरी कहानी' नाम से अनुवाद किया है।वे 73 वर्ष के थे।बीसीसीएल से 2012 में सेवानिवृत्त होने के बाद स्वतंत्र लेखन में व्यस्त थे।कोयलांचल में उनके निधन से शोक व्याप्त है।जनवादी लेखक संघ से भी वह बरसों जुड़े रहे।हमारी यादों में अपनी कहानियों के साथ वे हमेशा जीवित रहेंगे।उनके निधन पर मैं अपनी भावभीनी श्रधांजलि अर्पित करता हूँ। विनम्र प्रणाम।

No comments:

Post a Comment