Pages

Sunday, March 18, 2012

माओवादियों ने दो इतालवी पर्यटकों को अगवा किया

माओवादियों ने दो इतालवी पर्यटकों को अगवा किया 

Sunday, 18 March 2012 14:54

भुवनेश्वर..बरहामपुर :ओड़िशा:, 18 मार्च (एजेंसी) माओवादियों ने ओड़िशा के आदिवासी बहुल कंधमाल..गंजाम सीमाक्षेत्र से इटली के दो पर्यटकों को अगवा कर लिया। यह जानकारी आज पुलिस ने दी।
पुलिस महानिदेशक मनमोहन प्रहराज ने फोन पर पीटीआई को बताया, ''माओवादियों द्वारा कंधमाल जिले में दो लोगों के अपहरण की खबर है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।''
गृहसचिव यूएन बहरा ने आज पुष्टि करते हुए कहा कि कल रात अपहरण की यह घटना घटी।
कंधमाल के जिला कलेक्टर आरपी पाटिल ने कहा कि समझा जाता है कि कंधमाल और गंजाम जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में घटना हुई और हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है हालांकि तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुरी से दो अन्य लोगों के साथ 12 मार्च को इलाके के दौरे पर आये विदेशी पर्यटकों की पहचान बोसुस्को पाओलो तथा क्लाडियो कोलांगेलो के तौर पर हुई है और इनमें से एक करीब दस साल से पुरी में रह रहा था।
सूत्रों ने कहा कि माओवादियों ने कल आधी रात के करीब कुछ निजी समाचार चैनलों के माध्यम से विदेशी पर्यटकों के अपहरण का दावा किया।
टीवी चैनलों को भेजे संदेश में माओवादियों ने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रतिबंध के बावजूद अंदरूनी इलाकों में कथित तौर पर आदिवासियों की आपत्तिजनक तस्वीरें लेते हुए विदेशियों को बंधक बनाया गया।
माओवादियों ने खबरों के मुताबिक बंधकों की रिहाई के लिए 13 सूत्री मांगपत्र पेश किया है।

सूत्रों ने कहा कि इनमें नक्सल रोधी अभियानों को रोकना, माओवादियों के नाम पर जेलों में बंद आदिवासी लोगों के खिलाफ मामले वापस लेना और पिछले साल फरवरी में मल्कानगिरी जिले के तत्कालीन कलेक्टर की रिहाई के लिए हुए समझौते को लागू करना शामिल हैं।
कंधमाल के एसपी जेएन पंकज ने कहा कि पुरी के कुछ टूर आॅपरेटरों के साथ दो इतालवी पर्यटक दरिंगीबाड़ी आये थे। एक पर्यटक को 12 मार्च को कंधमाल में देखा गया था। पुलिस ने उन्हें इलाके में माओवादियों से सतर्क रहने के लिए आगाह किया था।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ''पर्यटकों ने बात मानी थी और इलाके में अंदर नहीं जाने के लिए तैयार हो गये थे।''
उन्होंने कहा कि पुलिस को इसके बाद पर्यटकों की गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। 
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, ''कोई भी कदम उठाने से पहले हम ब्योरे का इंतजार कर रहे हैं।''
जन अधिकार मंच के संयोजक दंडापानी मोहंती ने माओवादियों से अपनी मांगों के लिए कोई समयसीमा नहीं तय करने की अपील की है।
मोहंती ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
माओवादियों ने पिछले साल फरवरी में मल्कानगिरी के एक सुदूर इलाके से तत्कालीन कलेक्टर आरवी कृष्ण के साथ एक जूनियर इंजीनियर को अगवा कर लिया था। दोनों को सरकार के साथ तीन मध्यस्थों की मदद से हुई सहमति के बाद रिहा किया गया।

No comments:

Post a Comment